क़तर के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि देश को ईरान की ओर से दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाया गया.
मंत्रालय के मुताबिक़, इनमें से एक मिसाइल को क़तर के एयर डिफ़ेंस सिस्टम ने हवा में ही मार गिराया.
दूसरी मिसाइल अल उदेद एयर बेस पर गिरी, जो इस इलाक़े में अमेरिका का सबसे बड़ा सैन्य ठिकाना है.
क़तर ने कहा है कि इस हमले में किसी के हताहत होने की ख़बर नहीं है.
अभी तक अमेरिका की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है.
मैक्रों ने लेबनान पर हमले को लेकर इसराइल को दी ये चेतावनी
इमेज स्रोत, Getty Images
इसराइल और ईरान समर्थित गुट हिज़्बुल्लाह के बीच लेबनान में जारी संघर्ष में तेज़ी आ गई है.
जहां हिज़्बुल्लाह ने लेबनान से इसराइल की ओर कई रॉकेट दागे हैं तो वहीं इसराइल ने दक्षिणी लेबनान की ओर अपनी सेना भेज दी है.
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इसराइली हवाई हमलों में कई लोगों की जानें भी गई हैं.
इस बीच फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने लेबनान पर हमलों को लेकर इसराइल को चेतावनी दी है.
एक वीडियो मैसेज में मैक्रों ने कहा, "लेबनान से इसराइल पर हमला करके हिज़्बुल्लाह ने गंभीर ग़लती की. उसने लेबनान के लोगों की जान ख़तरे में डाल दी है. इसराइल वहां ज़मीनी आक्रमण की तैयारी कर रहा है. अगर वो ऐसा करता है तो ये भी भड़काने वाली कार्रवाई और रणनीतिक चूक होगी."
"हिज़्बुल्लाह को फ़ौरन सारे अटैक रोकने चाहिए. मैं इसराइल से भी अपील करता हूं कि वो लेबनान की संप्रभुता का सम्मान करें."
ज़ोहरान ममदानी ने ईरानी सरकार को बताया 'क्रूर', अमेरिका-इसराइल के ईरान पर हमलों को लेकर ये कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ज़ोहरान ममदानी ने ईरानी सरकार की आलोचना की है
न्यूयॉर्क सिटी के मेयर ज़ोहरान ममदानी ने ईरान और मध्य पूर्व की स्थिति पर बयान दिया है.
उन्होंने ईरानी सरकार की आलोचना की है और साथ ही किसी देश में सत्ता में परिवर्तन की नीयत से छेड़े गए युद्धों की भी आलोचना की.
उन्होंने कहा, "ईरान की सरकार ने अपने ही लोगों का सिलसिलेवार तरीक़े से दमन किया है. इस साल की शुरुआत में बुनियादी विरोध जताने वाले हज़ारों ईरानियों को मार दिया गया. यह एक क्रूर सरकार है."
ज़ोहरान ममदानी ने आगे कहा, "मैंने यह भी कहा है कि भले ही मैं एक युवा मेयर हूं, लेकिन इतना ज़रूर याद है कि कुछ साल पहले इसी क्षेत्र में शासन बदलने के इरादे से किए गए युद्धों के कितने विनाशकारी नतीजे सामने आए थे."
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच भारतीय शेयर बाज़ार में भारी गिरावट
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और तेल की क़ीमतों में उछाल के बीच बुधवार को शुरुआती कारोबार में भारतीय शेयर बाज़ारों में तेज़ गिरावट दर्ज की गई.
बीएसई सेंसेक्स 1,758.22 अंक यानी 2.19 फ़ीसदी गिरकर 78,480.63 पर आ गया.
वहीं एनएसई निफ़्टी 530.85 अंक यानी 2.13 फ़ीसदी गिरकर 24,334.85 पर पहुंच गया.
विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण ऐसा हुआ है.
लार्सन एंड टुब्रो, टाटा स्टील, इंटरग्लोब एविएशन, अल्ट्राटेक सीमेंट, अदानी पोर्ट्स और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर सबसे ज़्यादा गिरने वालों में शामिल रहे.
स्पेन ने अमेरिका को सैन्य बेस के इस्तेमाल के लिए मना किया, तो ट्रंप ने दी यह धमकी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इससे पहले भी राष्ट्रपति ट्रंप संकेत दे चुके हैं कि स्पेन को आर्थिक सज़ा का सामना करना पड़ सकता है
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्पेन के साथ सभी व्यापार बंद करने की धमकी दी है.
यह बयान तब आया है जब स्पेन ने ईरान में चल रहे ऑपरेशन के लिए अमेरिका को अपने सैन्य बेस के इस्तेमाल की अनुमति देने से इनकार कर दिया.
व्हाइट हाउस में बातचीत के दौरान ट्रंप ने स्पेन की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि स्पेन का रवैया 'बहुत ख़राब' रहा है.
उन्होंने कहा, "हम स्पेन के साथ सभी व्यापार बंद कर सकते हैं. हम स्पेन से कोई लेना-देना नहीं रखना चाहते."
हालांकि यह साफ़ नहीं है कि ट्रंप प्रशासन इस धमकी को अमल में लाएगा या नहीं, और अगर ऐसा होता है तो यूरोपीय संघ के सदस्य देश स्पेन के साथ व्यापार रोकने के लिए क्या क़दम उठाए जाएंगे.
ट्रंप के इस बयान से दोनों देशों के बीच पहले से चल रहे तनाव और बढ़ सकते हैं. स्पेन पहले भी नेटो सहयोगियों से रक्षा खर्च बढ़ाने की ट्रंप की मांग का विरोध करता रहा है.
होली के मौके़ पर राष्ट्रपति, पीएम मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, Getty Images
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं.
सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर राष्ट्रपति ने लिखा, "रंगों का यह त्योहार लोगों के जीवन में प्रेम और आशा का संचार करता है और आपसी एकता और भाईचारे को मज़बूत करता है. मेरी कामना है कि यह पर्व सबके जीवन में खुशियां लेकर आए और हम सब मिलकर एक विकसित राष्ट्र के निर्माण में योगदान दें."
वहीं पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "होली का त्योहार पूरे माहौल में नई ऊर्जा भर देता है और यही इस उत्सव की बड़ी विशेषता है."
प्रधानमंत्री ने कहा, "सभी देशवासियों को होली की अनंत शुभकामनाएं. रंग और उमंग से भरा ये त्योहार सबके लिए खुशियों की बहार लेकर आए. हर किसी के जीवन में सुख-समृद्धि और सफलता के रंगों की बौछार हो, यही कामना है."
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी सभी को होली की शुभकामनाएं दी हैं.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "होली हमारे बहुरंगी, बहु-सांस्कृतिक समाज की आत्मा को अभिव्यक्त करने वाला पर्व है. यह विविधताओं में एकता, आपसी सद्भाव और भाईचारे की उस परंपरा का उत्सव है, जो सदियों से हमारी सभ्यता की पहचान रही है. दूरियों को मिटाने वाले इस उल्लासपूर्ण अवसर पर आप सभी को होली की हार्दिक शुभकामनाएँ."
मानवाधिकार संगठन का दावा, ईरान में हज़ार से ज़्यादा नागरिकों की मौत
इमेज स्रोत, Reuters
इमेज कैप्शन, शनिवार को इसराइल और अमेरिका के ईरान पर हमले के बाद से स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है
अमेरिका स्थित ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट्स न्यूज़ एजेंसी (एचआरएएनए) का कहना है कि 28 फ़रवरी से अब तक ईरान में 1,097 नागरिकों की मौत की रिपोर्ट सामने आई है.
संस्था के मुताबिक़, मरने वालों में 10 साल से कम उम्र के 181 बच्चे भी शामिल हैं.
वहीं घायलों की संख्या बढ़कर 5,402 हो गई है, जिनमें 100 बच्चे बताए गए हैं.
एचआरएएनए का कहना है कि पिछले 24 घंटों में ही कम से कम 104 हमले दर्ज किए गए हैं. इन हमलों में सैन्य ठिकानों के साथ-साथ अस्पतालों और रिहायशी इलाक़ों को भी निशाना बनाया गया है.
संस्था ने यह भी कहा है कि सैकड़ों अन्य मौतों की ख़बरों की अभी जांच की जा रही है.
मध्य पूर्व में फंसे लोगों की मदद के लिए भारत सरकार ने बनाया विशेष कंट्रोल रूम
इमेज स्रोत, Getty Images
भारतीय विदेश मंत्रालय ने पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र की मौजूदा स्थिति को देखते हुए बुधवार को नई दिल्ली में एक विशेष कंट्रोल रूम बनाया है.
मंत्रालय ने बताया कि यह कंट्रोल रूम सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक काम करेगा.
सऊदी अरब (जेद्दा)" +966 126648660 / +966 12 2614093
संयुक्त अरब अमीरात: +971 543090571 (व्हाट्सऐप) / 800 46342
रियाद में सीआईए स्टेशन पर 'अटैक' के बीच सऊदी अरब ने ईरान को लेकर ये कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान
सऊदी अरब ने कहा है कि वह अपनी और अपने निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी ज़रूरी क़दम उठाएगा.
सऊदी प्रेस एजेंसी ने सऊदी कैबिनेट के हवाले से एक बयान में कहा कि ईरान की ओर से संभावित हमलों का जवाब देने के लिए सऊदी अरब अपने सहयोगी देशों के साथ खड़ा है और ज़रूरत पड़ने पर उनकी मदद के लिए अपनी सभी क्षमताएं इस्तेमाल करने के लिए तैयार है.
यह बयान ऐसे समय में आया है जब सोमवार को एक ड्रोन हमले में सऊदी अरब की राजधानी रियाद में अमेरिकी दूतावास स्थित सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी (सीआईए) के एक स्टेशन को कथित तौर पर निशाना बनाया गया.
न्यूज़ एजेंसी रॉटर्स के मुताबिक़, अमेरिका और सऊदी अरब दोनों ने पुष्टि की है कि दो ड्रोन दूतावास परिसर से टकराए. हालांकि यह साफ़ नहीं है कि निशाना सीआईए था या नहीं.
द वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक़, हमले में दूतावास की छत का एक हिस्सा ढह गया और अंदर धुआं भर गया, जिससे परिसर प्रभावित हुआ.
दूतावास के कर्मचारियों को फिलहाल सुरक्षित जगहों पर ही रहने के निर्देश दिए गए हैं.
अभिषेक शर्मा के फ़ॉर्म को लेकर सैम करन को किस बात का 'डर'?
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन अब तक ख़ास नहीं रहा है
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर सैम करन ने भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा के फ़ॉर्म को लेकर प्रतिक्रिया दी है.
गुरुवार को भारत और इंग्लैंड के बीच आईसीसी पुरुष टी020 वर्ल्ड कप 2026 का सेमीफ़ाइनल मुक़ाबला होना है.
अभिषेक शर्मा का इस टूर्नामेंट में प्रदर्शन अब तक ख़ास नहीं रहा है. उन्होंने छह पारियों में सिर्फ़ 80 रन बनाए हैं. शुरुआत में वे लगातार तीन मैचों में शून्य पर आउट हुए.
मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकार ने सैम करन से वर्ल्ड कप से पहले इंग्लैंड के ख़िलाफ़ भारत की हालिया टी020 अंतरराष्ट्रीय सिरीज़ में अभिषेक के फ़ॉर्म का ज़िक्र किया.
इस पर सैम करन ने कहा, "फिलहाल हमारा पूरा ध्यान गुरुवार के मैच पर है. मुझे उम्मीद है कि अभिषेक दोबारा वैसी ही पारी नहीं खेलेंगे. लेकिन हमने इस मैच के लिए अच्छी तैयारी की है और हमारा फ़ोकस पूरी तरह मुक़ाबले पर है."
दरअसल इंग्लैंड के ख़िलाफ़ उस सिरीज़ में अभिषेक ने आख़िरी मैच में 37 गेंदों में शतक बनाया था.
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड के 10 'जासूस' क़तर में गिरफ़्तार किए गए
इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock
क़तर की सरकारी न्यूज़ एजेंसी ने कहा है कि बुधवार तड़के क़तरी सुरक्षा बलों ने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) के लिए काम कर रही 'दो यूनिट्स' के कुछ लोगों को गिरफ़्तार किया है.
न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक़, सात संदिग्धों को देश के महत्वपूर्ण सैन्य ढांचों से जुड़ी जानकारी इकट्ठा करने के लिए जासूसी मिशन पर लगाया गया था.
इसमें आगे कहा गया है कि इसके अलावा तीन अन्य अभियुक्तों को ड्रोन के इस्तेमाल की ट्रेनिंग दी गई थी.
एजेंसी का कहना है कि पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड से अपने संबंध स्वीकार किए और बताया कि उन्हें जासूसी और तोड़फोड़ जैसे मिशन सौंपे गए थे.
इसराइल और अमेरिका ने ईरान पर शनिवार को हमला किया था, जिसके बाद से ईरान मध्य पूर्व देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य बेस को निशाना बना रहा है.
होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने वाले तेल टैंकरों को सुरक्षा देगा अमेरिका: ट्रंप
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति ट्रंप का कहना है कि 'किसी भी हाल में अमेरिका दुनिया को ऊर्जा की सप्लाई जारी रखेगा'
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ज़रूरत पड़ने पर अमेरिकी नौसेना जल्द ही होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने वाले तेल टैंकरों को सुरक्षा देगी.
अमेरिका-इसराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध के कारण इस समुद्री रास्ते से गुज़रने वाले जहाज़ों का यातायात लगभग ठप हो गया है. यह रास्ता पर्शियन गल्फ़ और ओमान की खाड़ी के बीच स्थित है.
दुनिया में तेल और गैस सप्लाई के लिए यह सबसे अहम रास्तों में से एक है. हर दिन क़रीब 2 करोड़ बैरल तेल इसी रास्ते से गुज़रता है.
ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्होंने एक संघीय एजेंसी को निर्देश दिया है कि खाड़ी क्षेत्र में समुद्री व्यापार के लिए 'पॉलिटिकल रिस्क इंश्योरेंस और गारंटी' दी जाए.
इसराइल का दावा- 'हिज़्बुल्लाह के क़रीब 60 ठिकानों को निशाना बनाया'
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइल ने लेबनान में हिज़्बुल्लाह के कई ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है
इसराइल डिफ़ेंस फोर्सेज़ (आईडीएफ़) ने कहा है कि उसने ईरान समर्थित समूह हिज़्बुल्लाह के क़रीब 60 ठिकानों को निशाना बनाया है.
आईडीएफ़ ने एक बयान में कहा, “जिन ठिकानों को निशाना बनाया गया है उनमें हथियार भंडारण सुविधाएं, कमांड सेंटर, मिसाइल लॉन्चर और अतिरिक्त आतंकवादी बुनियादी ढांचा शामिल था.”
हिज़्बुल्लाह और इसराइल के बीच पिछले कुछ समय से हमले जारी हैं.
वहीं हिज़्बुल्लाह ने दावा किया है कि उसने स्थानीय समयानुसार रात 8 बजे उत्तरी इसराइल के हैफ़ा नौसैनिक अड्डे को निशाना बनाया. इसराइली सेना के मुताबिक़, कई मिसाइलें दागी गईं, जिनमें से ज़्यादातर को हवा में ही मार गिराया गया.
न्यूज़ एजेंसी एएफ़पी के एक पत्रकार के अनुसार, इन घटनाओं के कुछ घंटों बाद लेबनान की राजधानी बेरूत में एक ज़ोरदार धमाका सुना गया.
इससे पहले शनिवार को इसराइल और अमेरिका ने ईरान पर हमला किया था. इसके बाद से पूरे मध्य पूर्व में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है.
नमस्कार!
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.