Big Boss 14: जैस्मीन भसीन और सारा गुरपाल, मिलिए इस बार बिग बॉस के घर में रहने वालों से

सलमान

इमेज स्रोत, Getty Images

पढ़ने का समय: 4 मिनट

बिग बॉस के 14वें सीज़न की शुरुआत हो चुकी है. शनिवार, तीन अक्तूबर को शो का पहला एपिसोड प्रसारित किया गया जिसमें इस साल के प्रतिभागियों की घोषणा की गई.

पहले अटकलें लगाई जा रहीं थी कि इस साल कोरोना की वजह से शायद बिग बॉस शो नहीं आयेगा. लेकिन इस टीवी शो के मेज़बान अभिनेता सलमान खान ने एक वीडियो कॉन्फ़्रेंस के ज़रिये तमाम अटकलों को दूर करते हुए शो के 14वें सीज़न की घोषणा कर दी थी.

शनिवार को सलमान ने इस सीज़न के सभी प्रतिभागियों से दर्शकों को मिलवाया.

इसके साथ ही यह स्पष्ट हो गया कि इस रिएलिटी शो के शुरुआती दिनों में कौन लोग बिग बॉस के घर में होने वाले हैं.

colorstv.com

इमेज स्रोत, colorstv.com

प्रतिभागियों के नामों के अलावा, उनकी संख्या को लेकर भी पिछले कुछ वक़्त से सोशल मीडिया पर काफ़ी चर्चा हो रही थी.

कुछ नाम, जैसे- जान कुमार, राहुल वैद्य, जैस्मिन भसीन आदि पहले से ही चर्चा में थे. साथ ही यह चर्चा भी थी कि शो में इस बार 13 प्रतिभागी होंगे, लेकिन शनिवार को सलमान ने सिर्फ़ 11 नामों की ही घोषणा की.

बिग बॉस के 14वें सीज़न में कई नियम बदले गये हैं. सबसे पहला नियम जो बदला है, वो ये कि इस बार घर में दो हफ़्ते तक तीन सीनियर मेंबर सिद्धार्थ शुक्‍ला, हिना ख़ान और गौहर ख़ान का कब्ज़ा रहेगा.

ये तीनों सीनियर घर के लिए नियम बनायेंगे और हर आने वाला प्रतिभागी 14 दिनों तक टीबीसी यानी 'टू बी कंफर्म्‍ड' स्‍टेटस पर रहेगा.

प्रतिभागियों को इन तीनों सीनियर सदस्यों को प्रभावित करना होगा. ये तीनों हर सदस्‍य का टेस्ट लेंगे और तय करेंगे कि कौन शो में रहेगा और कौन नहीं.

छोड़िए X पोस्ट
X सामग्री की इजाज़त?

इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

चेतावनी: तीसरे पक्ष की सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

पोस्ट X समाप्त

कौन-कौन हैं बिग बॉस के घर में?

निशांत सिंह मलकानी: इन्हें कई हिन्दी टीवी शोज़ में देखा गया है. निशांत को काफ़ी आत्मविश्वास से भरा इंसान माना जाता है. बिग बॉस के हर सीज़न में टीवी कलाकारों की एक अलग पकड़ देखी जाती है. इसे ध्यान में रखते हुए, निशांत के बारे में कहा जा रहा है कि 'वे इस सीज़न में अच्छा खेल दिखा सकते हैं.'

जैस्मिन भसीन: टीवी की दुनिया का एक और नाम जिसे इस सीज़न में बिग बॉस के घर में जगह मिली है. तमिल फ़िल्मों से करियर की शुरुआत करने वाली जैस्मिन 'टशन-ए-इश्क' और 'दिल से दिल तक' जैसे शोज़ में नज़र आ चुकी हैं. वे पूर्व बिग बॉस प्रतिभागी सिद्धार्थ शुक्ला और रश्मि देसाई के साथ स्क्रीन भी शेयर कर चुकी हैं.

अभिनव शुक्ला: कलर्स टीवी की वेबसाइट के अनुसार, सीरियल 'सिलसिला बदलते रिश्तों का' और 'छोटी बहू' का हिस्सा रहे अभिनव शुक्ला और उनकी पत्नी रुबीना दिलैक ने एक साथ बिग बॉस के घर में एंट्री ली है.

colorstv.com

इमेज स्रोत, colorstv.com

इमेज कैप्शन, सलमान ख़ान के साथ रुबीना दिलैक और अभिनव शुक्ला

रुबीना दिलैक: इस बार शो में एक शादीशुदा जोड़ी को एंट्री मिली है, जिसका नाम है - अभिनव और रुबीना. दोनों कलाकारों ने टीवी शो 'छोटी बहू' से नाम कमाया है. हाल में रुबीना टीवी सीरियल 'शक्ति - अस्तिव के एहसास की' में ट्रांसजेंडर किरदार को लेकर काफ़ी चर्चा में रहीं. हालांकि, रुबीना बिग बॉस टॉक्स में अपना दम नहीं दिखा सकीं, जिस वजह से फ़िलहाल उन्हें घर से बाहर रखा गया है.

सारा गुरपाल: बिग बॉस के पिछले सीज़न में पंजाबी एक्ट्रेस शहनाज़ गिल और हिमांशी खुराना को काफ़ी लोकप्रियता मिली थी. इसे देखते हुए इस बार बिग बॉस के घर में पंजाबी कलाकार सारा गुरपाल की एंट्री हुई है. वे पंजाबी अभिनेत्री और गायिका हैं. हालांकि, अपने करियर की शुरुआत उन्होंने बतौर फ़ैशन डिज़ाइनर की थी. उन्हें भी फ़िलहाल रुबीना की तरह रिजेक्शन सेंटर में रखा गया है.

colorstv.com

इमेज स्रोत, colorstv.com

इमेज कैप्शन, पवित्रा पुनिया

पवित्रा पुनिया: एमटीवी चैनल के एक रिएलिटी शो से करियर की शुरुआत करने वाली अभिनेत्री पवित्रा पुनिया को भी बिग बॉस के घर में जगह मिली है. पवित्रा को लेकर इस शो का एक टीज़र जारी किया गया था, जिसके बाद शो में उनका आना लगभग तय माना जा रहा था.

जान कुमार सानू: इनका नाम शुरू से ही चल रहा था. ग्रैंड प्रीमियर से पहले ही जान कुमार सलमान ख़ान के साथ प्रोमोज़ और वीडियोज़ में आ चुके थे. उनके पिता कुमार सानू ने इसकी पुष्टि भी कर दी थी. हालांकि, सिद्धार्थ, हिना और गौहर की 'तूफ़ानी सीनियर्स' तिगड़ी ने उन्हें अभी के लिए रिजेक्ट कर दिया है. फ़िलहाल वे घर के बाहर हैं.

colorstv.com

इमेज स्रोत, colorstv.com

इमेज कैप्शन, जान कुमार

राहुल वैद्य: रिएलिटी शो इंडियन आयडल के पहले सीज़न में राहुल वैद्य रनर-अप रहे थे. हालांकि, प्लेबैक गायकी में उनका कोई ख़ास जलवा देखने को नहीं मिला. बिग बॉस के घर में जान कुमार सानू के बाद राहुल वैद्य दूसरे सिंगर हैं.

शहज़ाद देओल: एमटीवी चैनल के एक रिएलिटी शो में रनर-अप रहे शहज़ाद देओल को भी बिग बॉस के घर में जगह मिली है. एमटीवी के शो में भी शहज़ाद की छवि एक 'गुड बॉय' की रही. अब देखना होगा कि मॉडलिंग से करियर बनाने वाले शहज़ाद बिग बॉस के घर में क्या छवि बना पाते हैं?

colorstv.com

इमेज स्रोत, colorstv.com

इमेज कैप्शन, निक्की तंबोली

निक्की तंबोली: दक्षिण भारतीय फ़िल्म इंडस्ट्री से इस बार निक्की ने दस्तक दी है. कंचना-3 जैसी फ़िल्मों का हिस्सा रहीं निक्की के लिए बिग बॉस हिन्दी फ़िल्म इंडस्ट्री के दरवाज़े खोल सकता है.

एजाज़ ख़ान: बिग बॉस के घर में दाख़िल हुए अभिनेता एजाज़ ख़ान टीवी जगत में काफ़ी काम कर चुके हैं. वे कुछ फ़िल्मों का भी हिस्सा रहे हैं. उनके द्वारा निभाये गए टीवी की दुनिया के कुछ किरदार वाक़ई याद किये जाते हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)