सुप्रीम कोर्ट ने अंबानी परिवार को देश-विदेश में ज़ेड प्लस सुरक्षा का आदेश दिया, सुचित्र मोहंती, बीबीसी के लिए

इमेज स्रोत, PRODIP GUHA
भारत के सुप्रीम कोर्ट ने चर्चित उद्योगपति मुकेश अंबानी के परिवार को भारत और विदेश में ज़ेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा देने का आदेश दिया है. सुरक्षा का ख़र्च अंबानी परिवार स्वयं उठाएगा.
बीबीसी ने सुप्रीम कोर्ट के आठ पन्नों के इस आदेश को देखा है.
सुप्रीम कोर्ट ने रिलायंस इंडस्ट्रीज़ के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनके समूचे परिवार को भारत और भारत के बाहर ज़ेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा देने का आदेश दिया है. ये भारत में सर्वोच्च स्तर की सुरक्षा है.
जस्टिस कृष्ण मुरारी की अध्यक्षता में सुप्रीम कोर्ट की दो सदस्यीय बैंच ने ये आदेश दिया है.
सुप्रीम कोर्ट ने कहा, “जब मुकेश अंबानी और उनके परिवार के सदस्य भारत के भीतर होंगे तो महाराष्ट्र राज्य और गृह मंत्रालय इस सुरक्षा की व्यवस्था करेंगे और जब वो देश के बाहर होंगे तो गृह मंत्रालय उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करेगा.”
सुप्रीम कोर्ट ने ये आदेश विकास साहा की याचिका के ख़िलाफ़ केंद्र सरकार की अपील पर सुनवाई करते हुए दिया है.
साहा की जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए त्रिपुरा हाईकोर्ट ने गृह मंत्रालय से अंबानी परिवार की सुरक्षा को ख़तरे से जुड़ी असली फ़ाइल मांगी थी.
बाद में केंद्र सरकार ने हाई कोर्ट के इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की थी.
सुप्रीम कोर्ट ने पिछले साल त्रिपुरा हाई कोर्ट के आदेश पर रोक भी लगा दी थी.




















