संक्रामक एमपॉक्स का पहला मामला ब्रिटेन में आया है.
सारांश
स्पेन में बाढ़, मरने वालों की संख्या बढ़कर 50 से अधिक हुई मौत
मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 4 हाथी मृत मिले
राजधानी दिल्ली में दिवाली से पहले वायु प्रदूषण 'ख़राब' श्रेणी में
चीन ने शेनझोउ-19 मिशन को सफल बताया, स्पेस स्टेशन पहुंचा अंतरिक्ष दल
ग़ज़ा के बेइत लाहिया पर इसराइल के ताज़ा हमले को अमेरिका ने बताया "भयानक"
एक 'विवादित चुटकुला' कैसे डोनाल्ड ट्रंप के लिए बन सकता है मुसीबत
लाइव कवरेज
शिल्पा ठाकुर और अश्वनी पासवान
नमस्कार!
अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान को दीजिए इज़ाज़त. कल कुछ नई और महत्वपूर्ण खबरों के साथ फिर आपसे जुड़ेंगे. लेकिन जाने से पहले आप आज की महत्वपूर्ण खबरें नीचे दी गई लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.
स्पेन में बाढ़ का कहर, अब तक 72 लोगों की मौत.पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बीजेपी को मिल सकता है किस बात का फ़ायदा? इस ख़बर को पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
कनाडा के मंत्री ने माना, अमेरिकी अख़बार को लीक किया था गृह मंत्री अमित शाह का नाम. इस रिपोर्ट को विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
एमपॉक्स का ब्रिटेन में आया पहला मामला
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने हाल ही में एमपॉक्स को ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी घोषित किया था (सांकेतिक तस्वीर)
संक्रामक एमपॉक्स का पहला मामला ब्रिटेन में आया है. ये क्लेड-1 बी का हिस्सा है जो कि लोगों के बीच फैलता है.
एमपॉक्स से संक्रमित मरीज छुट्टी मनाने अफ्रीका गए थे.
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने हाल ही में इसे ग्लोबल हेल्थ इमरजेंसी घोषित किया था. मध्य और पूर्वी अफ़्रीका में संक्रामक एमपॉक्स के मामले इस साल अगस्त में तेजी से बढ़े थे.
इसके बाद अफ़्रीका सेंटर फॉर डिज़ीज़ कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) ने भी एमपॉक्सको पब्लिक हेल्थ इमरजेंसी घोषित कर दिया था.
एमपॉक्स के लक्षण क्या हैं?
एमपॉक्स के शुरुआती लक्षण बुखार, सिरदर्द, सूजन, पीठ दर्द और मांसपेशियों में दर्द है
बुखार उतरने पर शरीर पर चकत्ते आ जाते हैं,
चकत्ते अक्सर चेहरे से शुरू होते हैं और शरीर के अन्य हिस्सों तक फैल जाते हैं.
इन चकत्तों में अधिक खुजली या दर्द हो सकता है.
संक्रमण आम तौर पर अपने आप ठीक हो जाता है और 14 से 21 दिनों के बीच रहता है.
गंभीर मामलों में घाव पूरे शरीर और विशेष रूप से मुंह, आंखों और गुप्तांगों पर होते हैं.
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सीमा विवाद पर चीन के साथ हुए समझौते पर क्या बोले?
इमेज स्रोत, @rajnathsingh
इमेज कैप्शन, राजनाथ सिंह ने चीन को लेकर बयान दिया
भारत और चीन हाल ही में पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा यानी एलएसी पर गश्त के पैटर्न को लेकर एक समझौते पर पहुंचे थे. इस पर बुधवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रतिक्रिया दी.
राजनाथ सिंह ने असम के तेजपुर में कहा कि अभी हाल ही में एलएसी पर सीमा से जुड़े मुद्दे को लेकर बड़ी प्रगति हुई है.
उन्होंने कहा, "भारत और चीन के बीच एलएसी के कुछ क्षेत्रों में अपने विवाद को सुलझाने के लिए राजनयिक और सैन्य स्तर पर बातचीत चल रही थी. हमारे लंबे प्रयासों के बाद एलएसी पर पहले की स्थिति को फिर से बहाल करने के लिए हम आपसी सहमति पर पहुंच गए हैं."
रूस के कज़ान में ब्रिक्स सम्मेलन शुरू होने से ठीक पहले भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा था कि भारत और चीन पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा पर सीमा विवाद को ख़त्म करने के लिए गश्त के पैटर्न को लेकर एक समझौते पर पहुंच चुके हैं.
इसके बाद चीन ने भी भारत के साथ सीमा विवाद पर गश्त के मुद्दे पर सहमति की बात कही थी.
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने इस मामले में प्रगति की पुष्टि करते हुए कहा कि सीमा से जुड़े मुद्दों पर चीन और भारत की कूटनीतिक और सैन्य स्तर पर क़रीबी बातचीत जारी है.
ब्रिक्स सम्मेलन में इसके बाद पीएम मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच मुलाक़ात हुई थी.
दिल्ली मेट्रो ने बताया दिवाली पर कब चलेगी आख़िरी मेट्रो
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, दिल्ली मेट्रो
दिवाली के दिन यानी गुरुवार (31 अक्टूबर) को दिल्ली मेट्रो की आख़िरी ट्रेन रात के 10 बजे चलनी शुरू होगी.
इसका मतलब है कि दिवाली के मौक़े पर अंतिम ट्रेन अपने शुरुआती स्टेशन से रात के 10 बजे चलेगी और बाक़ी स्टेशनों को कवर करते हुए अंतिम स्टेशन तक पहुँचेगी.
दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर यह जानकारी दी.
डीएमआरसी ने कहा कि दिवाली के त्योहार को देखते हुए गुरुवार को एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन सहित सभी लाइन पर मेट्रो ट्रेन की अंतिम सेवा टर्मिनल स्टेशनों से रात 10 बजे शुरू होगी.
डीएमआरसी के मुताबिक़ गुरुवार को मेट्रो सामान्य रूप से चलेगी.
‘दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर लाइव सुनिए
इमेज कैप्शन, ‘दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर‘
बीबीसी हिंदी का पॉडकास्ट ‘दिनभर- पूरा दिन, पूरी ख़बर‘ मानसी दाश और सुमिरन से यहां लाइव क्लिक करके सुनिए.
मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में हाथियों की मौत पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने की ये मांग
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, जयराम रमेश ने हाथियों की मौत पर बयान दिया (फाइल फोटो)
कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में हाथियों की मौत के मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी है.
बुधवार को उन्होंने कहा, "इसकी तुरंत पूरी जांच होनी चाहिए और सुरक्षात्मक उपाय किए जाने चाहिए."
मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में मंगलवार, 29 अक्तूबर को वन विभाग के कर्मचारियों को 4 हाथी मृत मिले.
मध्य प्रदेश के पीसीसीएफ वन्य जीव विजय एन अम्बाडे ने बताया, "इस घटना की सूचना मिलने के बाद टीमों के साथ आसपास के इलाके की तलाशी ली गई और 5 और हाथी बीमार हालत में ज़मीन पर पड़े मिले."
उन्होंने बताया, "इस झुंड में 13 हाथियों के होने की सूचना है जिनमें से 4 (1 नर, 3 मादा) की मौत हो गई है और 5 अस्वस्थ हैं. इनमें 4 हाथी स्वस्थ पाए गए हैं. सभी संभावनाओं को देखते हुए पूरे इलाक़े की तलाशी ली जा रही है."
अखिलेश यादव बोले- भाजपा सरकार ने 'रेल गाड़ी' को 'झेल गाड़ी' बना दिया है
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अखिलेश य़ादव ने रेलवे को लेकर दिया बयान (फाइल फोटो)
दिवाली और छठ सहित अन्य त्योहारों के मौके पर देशभर के रेलवे स्टेशनों पर भीड़ से खचाखच भरने की ख़बरे सामने आ रही है. इस पर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी.
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "भाजपा सरकार ने ‘रेल गाड़ी’ को ‘झेल गाड़ी’ बना दिया है."
अखिलेश यादव ने लिखा, "रेलवे की टिकट खिड़की को झेलो, रेलवे की वेबसाइट के नखरे झेलो, रेलवे के महादलालों को झेलो, रेलवे स्टेशन पर परेशानी झेलो, रेलवे प्लेटफॉर्म पर भीड़ झेलो."
"ट्रेन में प्रवेश के लिए धक्का-मुक्की झेलो, रिज़र्व सीट पर अनाधिकृत लोगों को झेलो और ट्रेन के अंदर चोरी के डर को झेलो."
बीबीसी हिंदी ने भी इसे लेकर स्टोरी की है. दिवाली और छठ में घर पहुंचने का संघर्ष: 5 राज्यों के रेलवे स्टेशनों से ग्राउंड रिपोर्ट. आप इसे यहां क्लिक करके पढ़ सकते हैं.
महाराष्ट्र: मानखुर्द शिवाजी नगर सीट को लेकर महायुति में रार, नवाब मलिक क्या बोले
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, नवाब मलिक और किरीट सोमैया ने एक दूसरे को लेकर बयान दिया (फाइल फोटो)
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के नेता और मानखुर्द शिवाजी नगर सीट से पार्टी के उम्मीदवार नवाब मलिक ने बीजेपी के उनके लिए प्रचार नहीं करने पर प्रतिक्रिया दी.
नवाब मलिक ने न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से बुधवार को कहा, "वो प्रचार नहीं करेंगे, विरोध करेंगे. जिस तरह से किरीट सोमैया का बयान आया कि वो शिवसेना के उम्मीदवार का प्रचार करेंगे. ये अपेक्षित था."
"जहां मैं चुनाव लड़ रहा हूं वहां बीजेपी 90 हजार से पीछे थी. एनसीपी ने अपने कोटे में सीट मांगी तो उन्होंने छोड़ दी. मेरी उम्मीदवारी का मामला सामने आया तो विरोध शुरू हो गया. निश्चित था कि शिंदे की पार्टी विरोध करेगी."
किरीट सोमैया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, "मानखुर्द शिवाजी नगर सीट से बीजेपी मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना के उम्मीदवार सुरेश पाटिल का समर्थन करेगी."
एकनाथ शिंदे की शिवसेना, बीजेपी और अजित पवार की एनसीपी गठबंधन महायुति का हिस्सा है. लेकिन तीनों दल मानखुर्द शिवाजी नगर सीट में आमने सामने आ गए हैं.
वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस, उद्धव ठाकरे की शिवसेना और शरद पवार की एनसीपी वाला गठबंधन महाविकास अघाड़ी है.
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव एक ही चरण में 20 नवंबर को होगा और मतगणना 23 नवंबर को होगी.
कांग्रेस नेता जयराम रमेश बोले- देश में मंदी की स्थिति, बताया ये कारण
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, जयराम रमेश ने कहा कि भारत कठिन आर्थिक हालात से गुज़र रहा है (फाइल फोटो)
कांग्रेस पार्टी ने दावा किया है कि वेतन का ठहर जाना, असमानता और महंगाई के कारण देश में मंदी की स्थिति है. भारत कई साल में अपने सबसे अनिश्चित और कठिन आर्थिक हालात से गुजर रहा है.
बुधवार को कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने अपने बयान में कहा, "पिछले तीन दशकों से भारत की विकास गाथा उपभोग में वृद्धि की कहानी थी. करोड़ों परिवारों के ग़रीबी से निकलकर मध्यम वर्ग में प्रवेश करने की कहानी, जो नए उत्पाद खरीदने और संपत्ति बनाने में सक्षम थे."
"यह एक संपन्न अर्थव्यवस्था का संकेत था, जो तेज़ी से बढ़ रही थी और जो अपने लाभ को व्यापक रूप से वितरित कर रही थी.’’
उन्होंने कहा, "पिछले दस साल में भारत में उपभोग की कहानी अब उल्टी हो गई है और भारत के उपभोग की कहानी अब उल्टा घूम गई है. यह भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए सबसे बड़ी समस्या बनकर उभरी है."
जयराम रमेश ने कहा, "भारत कई वर्षों में अपनी सबसे अनिश्चित और कठिन आर्थिक स्थिति में है. वेतन की स्थिरता, मुद्रास्फीति और असमानता केवल राजनीतिक मुद्दे नहीं हैं वे भारत की दीर्घकालिक विकास संभावनाओं के लिए बेहद हानिकारक हैं."
स्पेन में बाढ़, मरने वालों की संख्या बढ़कर 51 हुई
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, स्पेन के दक्षिण पूर्वी क्षेत्र सहित कई इलाकों में भारी बारिश के कारण बाढ़ आ गई है. प्रशासन ने बताया कि बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 51 हो गई है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, प्रशासन का कहना है कि राहत और बचाव का कार्य जारी है.वहीं वालेंसिया शहर में हालात गंभीर बने हुए हैं.इस बीच सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए हैं. इसमें कई कारें बहते हुए दिख रही है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, दूसरी ओर बाढ़ में फंसे सैकड़ों लोग रेडियो और टीवी स्टेशनों को मदद के लिए फोन कर रहे हैं. कोई खुद के लिए मदद मांग रहा है तो कोई रिश्तेदार के लिए मदद मांग रहा है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, स्पेन की मौसम एजेंसी ने बताया कि वालेंसिया शहर में रेड अलर्ट लागू किया गया है. आंदालुसिया शहर में दूसरा सबसे बड़ा अलर्ट घोषित किया गया है.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में कहा कि वो लापता लोगों और बाढ़ से हुए नुकसान से जुड़ी रिपोर्ट्स को देख रहे हैं. सांचेज़ ने लोगों से अपील की है कि प्रशासन की सलाह का पालन करें. इसके साथ ही उन्होंने लोगों से कहा कि गैर ज़रूरी यात्रा करने से बचें.
जसप्रीत बुमराह से टेस्ट में छिना नंबर वन का ताज, इस गेंदबाज़ ने किया रिप्लेस
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, जसप्रीत बुमराह
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने रैंकिंग जारी की. इसमें भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह से टेस्ट में नंबर वन बॉलर का ताज छिन गया है.
बुमराह की जगह दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाज़ कगिसो रबाडा नंबर वन बन गए हैं.
कगिसो रबाडा की 860 रेटिंग है. वहीं दूसरे नंबर पर मौजूद ऑस्ट्रेलिया के जॉस हेजलवुड की 847 रेटिंग है. वहीं तीसरे नंबर पर खिसके बुमराह की 846 रेटिंग है.
इसके अलावा रविचंद्रन अश्विन (831) चौथे नंबर पर और रविंद्र जेडजा (776) के साथ आठवें स्थान पर हैं.
टॉप 10 में जसप्रीत बुमराह, रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा के अलावा कोई भारतीय गेंदबाज़ नहीं है.
मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में 4 हाथी मृत मिले, विष्णुकांत तिवारी, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, मध्य प्रदेश के टाइगर रिजर्व में कई हाथी मृत मिले (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में मंगलवार, 29 अक्टूबर को वन विभाग के कर्मचारियों को 4 हाथी मृत मिले.
इसके अलावा 5 अन्य हाथी भी अस्वस्थ हालत में ज़मीन पर पड़े मिले हैं.
जानकारी के अनुसार दोपहर को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के कर्मचारी जब नियमित तौर पर की जाने वाले गश्त ड्यूटी पर थे, उस वक्त खितौली और पतौर कोर रेंज के सलखनिया बीट के आरएफ 384 और पीएफ 183ए में 4 जंगली हाथी मृत मिले.
मध्य प्रदेश के पीसीसीएफ वन्य जीव विजय एन अम्बाडे ने पत्रकारों को बताया, "इस घटना की सूचना मिलने के बाद टीमों के साथ आसपास के इलाके की तलाशी ली गई और 5 और हाथी अस्वस्थ हालत में ज़मीन पर पड़े मिले."
उन्होंने बताया, "इस झुंड में 13 हाथियों के होने की सूचना है जिनमें से 4 (1 नर, 3 मादा) की मृत्यु हो गई है और 5 अस्वस्थ हैं और 4 स्वस्थ पाए गए हैं. सभी संभावनाओं को देखते हुए पूरे इलाके की तलाशी ली जा रही है."
मध्य प्रदेश के उमरिया और कटनी जिलों में स्थिति बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में हाथी छत्तीसगढ़ से निकलकर आते हैं.
सबसे पहले 2018 में हाथियों के झुंड को इस जंगल में देखा गया था और तब से ही इन हाथियों ने बांधवगढ़ को अपना घर बना लिया था.
फिलहाल बांधवगढ़, संजय और स्कूल ऑफ वाइल्ड लाइफ फोरेंसिक एंड हेल्थ जबलपुर के वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारियों और वन्यजीव पशु चिकित्सक की मेडिकल टीम अस्वस्थ हाथियों का इलाज कर रही है.
पीसीसीएफ ने कहा कि हाथियों की मौत कैसे हुई इसकी जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर इनकी मृत्यु का कारण स्पष्ट हो पाएगा.
नमस्कार
अब तक बीबीसी संवाददाता शिल्पा ठाकुर इस लाइव पेज के ज़रिए आप तक दिन की अहम ख़बरें पहुंचा रही थीं. अब बीबीसी संवाददाता अश्वनी पासवान आप तक आगे की ख़बरें पहुंचाएंगे.
आप इस वक़्त हमारी वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.
कैसे एक 'विवादित चुटकुला' डोनाल्ड ट्रंप के रास्ते का बन सकता है रोड़ा. पूरी ख़बर यहाँ क्लिक कर पढ़ें.
आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस से कर्मचारियों का काम घटने के बजाय बढ़ क्यों रहा है? इसे यहां क्लिक कर पढ़ें.
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में बढ़ रहा है भारतीय मूल के मतदाताओं का राजनीतिक दबदबा. पढ़िए पूरी ख़बर.
दिवाली से पहले बोले केजरीवाल- पटाखे न जलाएं, सबकी सांसें ज़रूरी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अरविंद केजरीवाल ने पटाखे न जलाने को कहा
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों से दिवाली पर पटाखे न जलाने की अपील की है.
उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ये धर्म का नहीं बल्कि स्वास्थ्य से जुड़ा मसला है.
केजरीवाल ने कहा,"ये तो सभी अदालतों का कहना है कि प्रदूषण के मद्देनज़र हमें पटाखे नहीं बल्कि दीये जलाने चाहिए. ये लाइट्स का त्योहार है. हम दीये जलाकर, मोमबत्ती जलाकर अपना त्योहार मनाएं, न कि पटाखे जलाएं."
उन्होंने कहा,"पटाखे जलाने से प्रदूषण होता है. ऐसा नहीं है कि हम किसी पर एहसान कर रहे हैं, हम अपने ऊपर ही एहसान कर रहे हैं. जो प्रदूषण होगा उसे हम ही भुगतेंगे. हमारे छोटे-छोटे बच्चे भी उसे भुगतेंगे."
केजरीवाल ने कहा, "इसमें हिंदू मुसलमान जैसा कुछ नहीं है. सबकी सांसें ज़रूरी हैं, सबकी ज़िंदगी ज़रूरी है."
दिल्ली में दिवाली से पहले ही पटाखों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. इसका पालन हो इसके लिए 377 टीमें भी तैनात की गई हैं.
दिवाली से पहले ही दिल्ली में वायु की गुणवत्ता खराब हो चुकी है. बुधवार यानी 30 अक्तूबर की सुबह एक्यूआई 228 दर्ज किया गया था.
आतंकवादी आते रहेंगे, हम मारते जाएंगे: जम्मू कश्मीर मुठभेड़ों पर बोले फारूक अब्दुल्लाह
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, फारूक अब्दुल्लाह ने अखनूर एनकाउंटर पर प्रतिक्रिया दी है
जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्लाह ने अखनूर एनकाउंटर पर प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, "आतंकी आते रहेंगे और हम मारते जाएंगे."
जम्मू-कश्मीर के अखनूर में सोमवार से मंगलवार तक करीब 27 घंटे ये एनकाउंटर चला था.
भारतीय सेना ने बताया था कि चरमपंथियों ने उसके वाहन पर हमला कर दिया था. अब तक इस मुठभेड़ा में तीन चरमपंथी मारे गए हैं.
फारूक अब्दुल्लाह से जब इस एनकाउंटर के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "एनकाउंटर तो होते रहते हैं, इसमें कुछ नया नहीं है. कोई परवाह नहीं, आतंकी आते रहेंगे, हम मारते जाएंगे."
इसके साथ ही उन्होंने लोगों को दिवाली की बधाई दी.
उन्होंने कहा, "माता लक्ष्मी यहां के लोगों को लक्ष्मी भेजे. बहुत कम लक्ष्मी है यहां. आज दुकानें सारी खाली हैं, मैं उम्मीद करूंगा कि भगवान इन्हें ज़्यादा से ज़्यादा तरक्की दे, इनमें उन्नति आए और हम लोग आगे बढ़ें."
चीन ने शेनझोउ-19 मिशन को बताया सफल, स्पेस स्टेशन पहुंचा अंतरिक्ष दल
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, चीन ने तीन अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष में भेजा है
तीन अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर चीन का अंतरिक्ष यान छह घंटे की यात्रा कर तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पहुंच गया है.
इन युवा अंतरिक्ष यात्रियों में देश की पहली महिला स्पेस इंजीनियर भी शामिल है. ये चीन का अपना अंतरिक्ष स्टेशन है.
यहां अगले छह महीने तक अंतरिक्ष यात्री एक्सपेरिमेंट और स्पेस वॉक करेंगे.
चीन का मकसद इन अनुभवों और इससे मिली जानकारी को जुटाकर 2030 तक इंसान को चांद पर भेजना है.
चीन ने शेनझोउ-19 अंतरिक्ष यान के लॉन्च को सफल बताया है. चीन की इन कोशिशों को देखते हुए ऐसा कहा जा रहा है कि वो अंतरिक्ष की दौड़ में अपने प्रतिद्वंद्वी अमेरिका से आगे निकलना चाहता है.
करीब दो साल पहले चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा था कि स्पेस इंडस्ट्री को विकसित करना और चीन को स्पेस पावर बनाना एक सपना है.
इस मिशन के पायलट काई शुज़े हैं. वो अनुभवी हैं लेकिन 1990 में जन्मी नई पीढ़ी के अंतरिक्ष यात्रियों के साथ यात्रा कर रहे हैं.
शुज़े का कहना है, "इनकी युवा ऊर्जा से मैं और युवा और अधिक आत्मविश्वासी महसूस कर रहा हूं."
स्पेन में भारी बारिश से बाढ़ में कई लोगों की मौत
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, स्पेन के कई इलाकों में बाढ़ आ गई है
यूरोपीय देश स्पेन के कई इलाकों में भारी बारिश के कारण बाढ़ आ गई है.
वालेंसिया शहर में हालात गंभीर बने हुए हैं.
यहां के नेता कार्लोस मज़ोन का कहना है, "शव बरामद किए गए हैं लेकिन इनके बारे में अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती."
अधिकारियों का कहना है कि अल्बासेटे के पूर्वी प्रांत में छह लोग लापता हैं. यहां की आबादी 1000 से कम है.
राहत एवं बचाव कार्य जारी है और पूरी रात बाढ़ से प्रभावित लोगों को बचाने की कोशिशें होती रहीं.
सोशल मीडिया पर बाढ़ से जुड़े कई वीडियो शेयर किए गए हैं. जिनमें सड़कों पर गाड़ियां पानी में डूबी हुई दिख रही हैं.
रेडियो और टीवी स्टेशनों को मदद के लिए बाढ़ में फंसे सैकड़ों लोग फोन कर रहे हैं. कोई खुद बाढ़ में फंसा है तो कोई अपने रिश्तेदार के लिए मदद मांग रहा है.
कुछ इलाकों में इमरजेंसी सेवा भी नहीं पहुंच पा रही. स्थानीय अधिकारी मिलाग्रोस टोलन ने स्पेन के सरकारी टेलीविज़न को बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए ड्रोन का इस्तेमाल हो रहा है.
स्पेन की मौसम एजेंसी ने बताया कि वालेंसिया शहर में रेड अलर्ट लागू किया गया है.आंदालुसिया शहर में दूसरा सबसे बड़ा अलर्ट घोषित किया गया है.
वालेंसिया सिटी हॉल का कहना है कि बुधवार तक सभी स्कूल बंद हैं और खेल से जुडे़ इवेंट स्थगित कर दिए गए हैं. सभी पार्क भी बंद किए गए हैं.
स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में कहा कि वो लापता लोगों और बाढ़ से हुए नुकसान से जुड़ी रिपोर्ट्स को देख रहे हैं.
सांचेज़ ने लोगों से आग्रह किया कि प्रशासन की सलाह का पालन करें. इसके साथ ही उन्होंने लोगों से कहा कि गैर ज़रूरी यात्रा करने से बचें.
दिवाली से पहले दिल्ली में वायु प्रदूषण की स्थिति 'ख़राब' श्रेणी में
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, दिल्ली में वायु प्रदूषण
दिल्ली के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता 'ख़राब' श्रेणी में दर्ज की गई है.
बुधवार यानी 30 अक्तूबर को एक्यूआई 228 दर्ज किया गया.
दिवाली से पहले ही प्रदूषण की स्थिति को देखते हुए दिल्ली सरकार ने पटाखों पर प्रतिबंध लगा दिया था.
पीटीआई के मुताबिक, दिल्ली में पटाखों पर प्रतिबंध को लागू करने के लिए 377 टीमें तैनात की गई हैं.
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, भारत में वायु प्रदूषण के मामले में सबसे खराब शहरों में दिल्ली चौथे स्थान पर है.
सीपीसीबी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 255 शहरों का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बताया है.
इनमें 21 शहरों की हवा अच्छी है, जबकि 90 शहरों की हवा संतोषजनक श्रेणी में है.
122 शहरों की वायु गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में है और 22 शहरों की हवा ख़राब श्रेणी में है.
ग़ज़ा पर इसराइल के ताज़ा हमले को अमेरिका ने बताया "भयानक"
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इसराइल ने बेइत लाहिया शहर पर किए हमले
उत्तरी ग़ज़ा के बेइत लाहिया शहर में इसराइली हमले को लेकर अमेरिका की प्रतिक्रिया आई है.
अमेरिका ने इसे "भयानक" बताया है.
हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि इस हमले में कम से कम 93 लोगों की या तो मौत हुई है या लापता हुए हैं.
राहतकर्मियों का कहना है कि एक पांच मंज़िला इमारत को निशाना बनाया गया था.
इसराइली सेना का कहना है, "हमने आज (मंगलवार) बेइत लाहिया इलाके में आम नागरिकों को नुकसान पहुंचने से जुड़ी रिपोर्ट्स देखी हैं."
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने कहा, "अमेरिका इस घटना में आम नागरिकों के हताहत होने की ख़बर से चिंतित है. ये भयानक घटना का भयानक परिणाम था."
मिलर ने हमले में दो दर्जन बच्चों के मारे जाने की रिपोर्ट्स की तरफ इशारा किया. उन्होंने कहा कि हालिया हमले में हुई आम नागरिकों की मौत एक बार फिर याद दिलाती है कि क्यों हमें इस जंग को खत्म करने की ज़रूरत है.
इसराइली डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ़) बीते करीब दो हफ्ते से उत्तरी ग़ज़ा में हमले कर रही है. यहां जबालिया, बेइत लाहिया और बेइत हनौन जैसे शहरों को निशाना बनाया जा रहा है.
इसराइल का कहना है कि वो उत्तरी ग़ज़ा में हमास को निशाना बना रहा है.
इसराइल का आरोप है कि हमास के लड़ाके आम नागरिकों को ढाल बनाते हैं. इस दावे को हमास खारिज करता है.
पुतिन और किम जोंग जैसे तानाशाह चाहते हैं कि ट्रंप जीतें- कमला हैरिस
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, कमला हैरिस ने अपने भाषण में ट्रंप को लेकर कई बातें कहीें
अमेरिका में डेमोक्रेटिक पार्टी की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार कमला हैरिस ने चुनावी भाषण दिया है.
इस दौरान उन्होंने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति और रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप को लेकर कहा कि व्लादिमीर पुतिन और किम जोंग उन जैसे तानाशाह उन्हें जीतता देखना चाहते हैं.
कमला हैरिस ने कहा, "मैं ये सुनिश्चित करूंगी कि अमेरिका दुनिया में स्वतंत्रता का चैंपियन बना रहे. चलिए उस देश के लिए लड़ते हैं, जिसे हम प्यार करते हैं."
हैरिस ने लोगों से कहा, "हम सभी में इतनी ताकत है कि हम इन 7 दिनों में पन्ने पलट सकें और अभी तक कही गई कहानियों में अगला और बेहतरीन अध्याय लिखना शुरू कर सकें."
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से जुड़ी अन्य ख़बरों को यहां पढ़ें-